श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए बने ट्रस्ट में शामिल युगपुरुष स्वामी परमानंद जी महाराज ने गुरुवार को यहां कहा कि सरकार बनते ही तय हो गया था कि मंदिर तो बनना ही है। इसी वजह से मोदी शुरू से कहते रहे कि मंदिर तो बन गया अब उसे भव्य बनाना है। प्रभु श्रीराम का गगनचुंबी भव्य मंदिर बनेगा। गगनचुंबी बनाने के लिए प्रभु का सिंहासन ऊंचा करेंगे।
उनकी इच्छा है कि प्रभु का काम है तो निर्माण भी प्रभु के दिन रामनवमी से शुरू हो। मूलरूप से जिले के मवईधाम निवासी स्वामी परमानंद जी महाराज ने गुरुवार को अपना समय मवईधाम में बिताया। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण आंदोलन से शुरू से ही जुड़े रहे, लेकिन कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें ट्रस्ट में शामिल किया जाएगा।
सपने में भी नहीं सोचा था, लगता है परमात्मा ने चाहा है। देश का पुराना गौरव जो हजारों साल पहले था पुन: स्थापित होने जा रहा है। जैसे राम ने तरह-तरह के सभी लोगों को इकठ्ठा किया था, उसी प्रकार रामकाज के लिए सभी लोग इकठ्ठा हो रहे हैं। सभी इस निमित्त कार्य को करेंगे तो भारत विश्व गुरु बनेगा। कहा कि कभी-कभी उन्हें लगने लगता था कि कहीं राम मंदिर निर्माण की बात राजनीति ही तो नहीं है।